थाना क्षेत्र के रैकरी गांव में शनिवार की रात 10 बजे गांव निवासी सफाईकर्मी लाठी डंडों से पीट कर तीन नाबालिग और एक युवक को घायल कर दिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया। जहां दो की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। घायल बच्चों के माता-पिता की तहरीर पर पुलिस रविवार को आरोपी सफाईकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के रैकरी गांव निवासी अनुज कुमार राजगढ़ ब्लॉक में सफाईकर्मी के पद पर तैनात है। घायल बच्चों के परिजनों ने बताया कि उनके बच्चे गांव में ही बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सफाईकर्मी अनुज कुमार शराब पीकर वहां पहुंचा और बैठकर आपस में बात कर रहे बच्चों को गाली गलौज देते हुए लाठी-डंडों से मारने पीटने लगा। जिसमें गांव निवासी राजेश का 14 वर्षीय पुत्र राज, महेंद्र का 15 वर्षीय पुत्र मनीष, संतोष कुमार का 15 वर्षीय पुत्र अजय और अरविंद कुमार का 19 वर्षीय पुत्र अनमोल घायल हो गए।
मारपीट के दौरान बच्चों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने नशे में धुत सफाईकर्मी को वहां से हटाया। घायल चारों बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया। जहां गंभीर रूप से घायल मनीष और अजय को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। घायल बच्चों के माता-पिता ने राजगढ़ थाने पर आरोपी सफाईकर्मी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई का मांग की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। राजगढ़ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि रैकरी गांव में एक व्यक्ति ने नशे में धुत होकर चार बच्चों की पिटाई कर दी। परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।