मिर्जापुर। कूटरजित दस्तावेज तैयार कर उपखनिज का परिवहन करने वाले आरोपी को कटरा कोतवाली पुलिस ने बुधवार को बथुआ तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने न्यायालय में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस वाहन स्वामी और स्टोन कटर प्लांट स्वामी की तलाश कर रही है। खान निरीक्षक आशीष द्विवेदी ने 13 अप्रैल को कटरा कोतवाली तहरीर दिया था कि एक व्यक्ति कूटरचित कर फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कराकर उप खनिजों का परिवहन करता है। खान निरीक्षक ने वाहन चालक, वाहन स्वामी और स्टोन कटर प्लांट स्वामी के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उपखनिज के परिवहन करने के सम्बन्ध में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। कटरा कोतवाल स्वामीनाथ प्रसाद को मुखबिर से सूचना मिली की आरोपित बथुआ तिराहे पर मौजूद है। घेरेबंदी कर आरोपित ट्रक चालक रामजनम पुत्र बनारसी निवासी पिपरहवा पोखरा थाना अहरौरा को ट्रक सहित बुधवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित का चालान कर जेल भेज दिया। कटरा कोतवाल स्वामीनाथ प्रसाद ने बताया कि तीन पर मुकदमा दर्ज था। चालक को गिरफ्तार किया गया है। वाहन स्वामी और स्टोन कटर प्लांट स्वामी की तलाश की जा रही है।