विश्व तंबाकू दिवस की पूर्व संध्या पर नेहरू कालेज के विद्यार्थियाें ने रैली निकालकर लोगों को नशा के प्रति जागरूक किया।
रैली नगर के रमईपट्टी स्थित नेहरू कालेज से निकलकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: कालेज परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान कालेज के छात्र-छात्राएं हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए नारेबाजी करते चल रहे थे। इस अवसर पर कालेज की निदेशिका वैशाली श्रीवास्तव ने कहा कि आज के युवाओं को नशा से मुक्ति के लिए आगे आना होगा, तभी समाज से नशा का खात्मा होगा।
डायरेक्टर अमित श्रीवास्तव ने कहा कि जीवन में यदि आगे बढ़ना है तो नशा से दूर रहना होगा। रैली में कालेज के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।