मिर्जापुर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना मंगलवार की रात मिर्जापुर पहुंचे। उन्होंने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। साथ ही विंध्य काॅरिडोर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विंध्य काॅरिडोर के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
महंत शिवाला स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुरेश खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं व भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उनके साथ मंत्री औद्योगिक विकास निर्यात प्रोत्साहन एनआरआई तथा निवेश प्रोत्साहन विभाग नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे। इससे पहले वित्त मंत्री ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद निर्माणाधीन विंध्य काॅरिडोर का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने विंध्य कॉरिडोर का मॉडल दिखाकर निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
विंध्याचल में ही मंत्री ने मेडिकल कॉलेज व अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं में हुई प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विंध्य काॅरिडोर के निर्माण कार्य में और तेजी लाएं, ताकि समय से परिक्रमा पथ, गेट आदि का निर्माण पूर्ण किया जा सके। उन्होंने दौरान पत्थरों को तराशने आदि के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।