कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता।
- फोटो : संवाद
मिर्जापुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को वोट चोरी मामले में सरकार के खिलाफ विरोध करते समय दिल्ली में पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसके विरोध में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व अजय कुमार सिंह को सौंपा। समाजवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शन की सूचना पर सीओ सिटी विवेक जावला, शहर कोतवाल नीरज पाठक फोर्स के साथ पहुंचे। मांग किया कि बिहार के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान कथित धांधली की जांचकर दोषियों की गिरफ्तारी व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिहा किया जाए। सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वोटर लिस्ट संशोधन के मुद्दे पर संसद भवन से चुनाव आयोग तक मार्च निकाल रहे थे। पुलिसकर्मियों ने आगे जाने से रोका। वह धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। ये सब भाजपा के इशारे पर किया जा रहा है। भाजपा लोकतंत्र का गला घोट रही है। आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सत्ता पक्ष द्वारा यह कार्रवाई की गई है। कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान धरना प्रदर्शन करने वालों में मुन्नी यादव, आशीष यादव, अशोक यादव, सुरेन्द्र सिंह पटेल, रोहित शुक्ला, दामोदर प्रसाद मौर्या, राजेश भारती, आदर्श यादव, सतीश मिश्रा, जय मंगल यादव, रंजीत फौजी, सत्यप्रकाश यादव, झल्लू यादव, अरशद अली आदि रहे।