मिर्जापुर। जिले के सभी 18 थानों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस पर 279 शिकायतें आईं। इनमें से सिर्फ 35 का निपटारा हो पाया। महत्वपूर्ण बात यह है कि छह थानों में आई शिकायतों में से मौके पर एक का भी निपटारा नहीं हो पाया।
शहर कोतवली में चार में एक, कटरा कोतवाली में छह में दो, विंध्याचल में 19 में से एक, देहात कोतवाली में नौ में से दो, कछवां थाने में 13 में से छह, लालगंज में 18 में से छह, हलिया में 15 में से दो, जिगना में 19 में से एक, संतनगर में 25 में से एक, अदलहाट में 28 में से नौ, जमालपुर में 12 में से तीन, मड़िहान में 15 में से एक मामले का निपटारा हो पाया। उधर, चील्ह थाने में 19, पड़री में 20, ड्रमंडगंज में 19, चुनार में 18, अहरौरा में 14, राजगढ़ आई छह शिकायतों में से मौके पर एक का भी निपटारा नहीं हो पाया। मंडलायुक्त डाॅ.मुथुकुमार स्वामी बी. और डीआईजी आरपी सिंह ने सीओ सदर और एसडीएम के साथ कोतवाली सदर में लोगों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने थाने का निरीक्षण कर मातहतों को शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उसका निपटारा करने की हिदायत दी। मंडलायुक्त ने थाना समाधान दिवस पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से एक सप्ताह के अंदर निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की हिदायत दी। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ओपी सिंह के साथ चुनार थाने में लोगों की शिकायतें सुनीं। अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने कछवां और पड़री के अलावा विंध्याचल थाने में एसडीएम सदर भरत लाल सरोज ने लोगों की शिकायतें सुनीं। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने जिगना, सीओ शैलेंद्र त्रिपाठी ने लालगंज, नायब तहसीलदार मधु जैन ने ड्रमंडगंज थाने में लोगों की शिकायतें सुनीं।