मिर्जापुर। अयोध्या में 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा, माघ मेला और गणतंत्र दिवस के मद्देनजर शनिवार को जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अष्टभुजा प्रसाद सिंह ने मिर्जापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के जवानों को स्टेशन पर सतर्क नजर रखकर ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शनिवार को सुबह पहले मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के दक्षिणी द्वार पर पहुंचे। वहां उन्होंने निरीक्षण कर जवानों को सतर्क रह कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने यात्रियों के साथ अच्छा आचरण करने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने डाॅग स्क्वाॅड और आरपीएफ के साथ रेलवे स्टेशन परिसर के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, पैसेंजर हाल आदि स्थानों पर निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों से उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस, माघ मेला और अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर रेलवे स्टेशन पर अधिक भीड़ रह सकती है। इसको देखते हुए सतर्क रहकर ड्यूटी करें। संदिग्ध वस्तुओं और लोगाें पर पैनी नजर रखने, ट्रेनें रुकने पर उसके अंदर भी जांच करने तथा लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जीआरपी प्रभारी अनिल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।