मिर्जापुर। जिले में कोविड का संक्रमण बढ़ने लगा है। पिछले तीन दिनों में 13 लोग कोविड संक्रमित मिल चुके हैं। सोमवार को दो महिलाओं समेत छह कोविड संक्रमित मिलने के बाद एक्टिव केस की संख्या 14 हो गई है। इस बार के संक्रमण में अब तक 27 लोग कोविड संक्रमित मिल चुके हैं। जिले में दो सप्ताह से अधिक समय से कोविड संक्रमितों के मिलने का सिलसिला शुरू हुआ है। इसके बाद लगातार संख्या बढ़ती जा रही है। हालांकि सभी का उपचार होम आइसोलेशन में हो रहा है। होम आइसोलेशन में उपचार के बाद लोग स्वस्थ हो जा रहे हैं। अभी तक किसी को अस्पताल में भर्ती नहीं होना पड़ा है। स्वास्थ्य विभाग कोविड से बचाव के लिए पहले की तरह कोविड प्रोटोकाल पालन करने, मास्क लगाने और हाथ धोने के बारे में लोगों को जागरूक कर रहा है। परंतु लोग अभी भी मास्क लगाते नजर नहीं आ रहे हैं। एसीएमओ डाॅ. मुकेश कुमार ने बताया कि बीमार होने पर लाेगों ने कोविड की जांच कराई। जांच कराने पर सोमवार को छह लोग कोविड संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। उनको दवा आदि दी गई है।