कैलहट के रामललित पीजी कालेज में परीक्षा देते परीक्षार्थी, स्रोत सोशल मीडिया
मिर्जापुर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध जिले के महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 के विषम सेमेस्टर की चल रही परीक्षाओं में सोमवार को विधि की परीक्षा में छह नकलची पकड़े गए। इनको महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी के सचल दल ने पकड़ा गया। ये परीक्षाओं में अनुचित साधनों का प्रयोग कर रहे थे। इनमें ऊषा सिंह विधि महाविद्यालय बरेवा के तृतीय सेमेस्टर के तीन परीक्षार्थी, पुष्पा सिंह विधि महाविद्यालय बरेवा के दो परीक्षार्थी तथा लक्ष्मण सिंह विधि महाविद्यालय शिवगढ़ पंडरी के एक परीक्षार्थी अनुचित सामग्री का प्रयोग करते हुए पकड़े गए। सचलदल के संयोजक प्रो. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई परीक्षा नकल-मुक्त कराने के लिए की गई। सचल दल के सदस्य डाॅ. अमित कुमार सिंह और डाॅ. विजय ज्योति ने छापा मारकर इन नकलचियों को पकड़ा है। ऊषा सिंह विधि महाविद्यालय बरेवा तथा पुष्पा सिंह विधि महाविद्यालय बरेवा और लक्ष्मण सिंह विधि महाविद्यालय शिवगढ़ पड़री के विरुद्ध कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। इससे परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहेगी और अन्य परीक्षार्थी भी नकल से दूर रहेंगे। सचल दल ने इसके अतिरिक्त केबी पीजी कॉलेज, केएम पीजी कॉलेज, जीडी बिनानी पीजी कॉलेज,राजदीप पीजी कॉलेज, राम ललित पीजी कॉलेज आदि कॉलेजों का औचक निरीक्षण किया।