मिर्जापुर। अधीक्षण अभियंता सिंचाई कार्य मंडल कार्यालय के सामने पंद्रह दिनों से धरने पर बैठे कर्मचारियों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। प्रांतीय सिंचाई नियमित कार्य प्रभारित दैनिक श्रमिक महापरिषद के बैनर तले चल रहे धरने को शुक्रवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भी अपना समर्थन दिया। कर्मचारी नेताओं ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। धरना प्रदर्शन के दौरान महापरिषद के कोषाध्यक्ष गौरी शंकर ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश का वित्त अनुभाग-2 अधिशासी अभियंता सिरसी, अधिशासी अभियंता मिर्जापुर नहर प्रखंड व सिंचाई खंड चुनार अनुपालन नहीं कर रहे हैं। प्रदर्शन के बीच होली का त्योहार बीत गया लेकिन सामने बैठे अधीक्षण अभियंता टाल मटोल कर रहे हैं। इससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। पीडब्ल्यूडी कर्मचारी नेता जगदीश खरवार ने अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंताओं पर तानाशाही का आरोप मढ़ते हुए कहा यदि कर्मचारियों की समस्याओं पर शीघ्र ध्यान न दिया गया तो अब आरपार की लड़ाई होगी, जिसके जिम्मेदार अधीक्षण अभियंता होंगे। धरना प्रदर्शन में कृपा शंकर तिवारी, सरजू प्रसाद, श्यामू सिंह, कमला शंकर, गंगाराम, रामतौकल, निसार अहमद, शिवमुनी ओझा, राजबलि, श्यामसुंदर, रामरति बिंद, मिश्रीलाल, रामसजीवन, दयाराम शामिल थे।