लालगंज। उपरौध क्षेत्र के किसान धान बेचने को लेकर लगातार परेशान हो रहे। धान क्रय केंद्र पर हालत यह है कि किसान जाकर पूछ रहे हैं कि साहब मेरा नंबर कब आएगा। खास बात यह कि धान की पैदावार बढ़िया होने के कारण किसानों को बेचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा। बता दें कि सरकारी प्रक्रिया की धीमी गतिरोध पूर्वक खरीदारी से किसानों का धैर्य छोड़ रहा है। किसान मजबूरन व्यापारियों के चंगुल में फंसते दिखाई दे रहे हैं। किसान रामजी मिश्रा का कहना है कि धान की खरीदारी की गति में तेजी आनी चाहिए, लंबी प्रतीक्षा नुकसानदायक साबित होगी। लालगंज, बरडीहा, लालापुर ,कोठी, रेही, गगहरा, मझियार, तुलसी, कठवार, अमहा, मानिकपुर, नेवढ़िया, पतुलकी, बसकोप, रजई, कटाई, नदगहना, उसरी, नरौली करौदी आदि गांव के किसान परेशान हैं। इस संबंध में वरिष्ठ विपणन निरीक्षक मानचंद्र का कहना है कि कोई समस्या नहीं है। धान की खरीद की जा रही है। अभी तक आठ सौ क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है।