मिर्जापुर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर सी और डी रैंकिंग प्राप्त करने वाले विभागों के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही अगले माह होने वाली रैंकिंग में अच्छी रैंकिंग लाने की हिदायत भी दी है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर, मुख्य देयों, राजस्व वादों के निस्तारण में हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारी से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर रैंकिंग में 53वां तथा विकास प्राधिकरण को 45वां स्थान प्राप्त करने पर नाराजगी जताई। साथ ही तीन दिन में रैंकिंग में सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी से अभियान चलाकर राजस्व देयों की वसूली में सुधार लाने की हिदायत दी। इसी प्रकार विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को उन्होंने लंबित प्रार्थना पत्रों का तीन दिन में निस्तारण कर रिपोर्ट पोर्टल पर दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्राधिकरण में 14 आवेदन लंबित होने पर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंपों के सत्यापन, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, औषधि वितरण, आपूर्ति, धान खरीद योजना आदि की भी समीक्षा की। बैठक में एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, सीआरओ सत्य प्रकाश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।