चुनार कोतवाली क्षेत्र के प्रेमापुर गांव में जमीन संबंधी विवाद में शनिवार को सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी गई। जिसमें ट्रैक्टर चालक को गोली छूकर निकल गई। घायल ट्रैक्टर चालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर कछवां और चुनार थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चुनार कोतवाली क्षेत्र के कुशहा गांव निवासी गुड्डू सिंह ने अपने कार चालक अजीत सिंह को प्रेमापुर गांव की जमीन रजिस्ट्री की थी। जमीन विवादित थी। उस पर कुछ लोग काबिज थे। वाराणसी जिले के राजातालाब थाना क्षेत्र के जमुनी गांव निवासी अजीत सिंह शनिवार को सुबह अपने ट्रैक्टर चालक अशोक सिंह (45) व अन्य लोगों के साथ जमीन की जोताई करा रहे थे। इस दौरान विपक्षी मौके पर पहुंच गए। विपक्ष के लोगों ने उन्हें खेत की जोताई करने से मना किया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। बंदूक से निकली गोली ट्रैक्टर चालक अशोक सिंह के सिर को छूकर निकल गई। गोली चलने पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कछवां और चुनार थाने की पुलिस मौके पर पहुुंच गई। घायल अशोक को आनन-फानन में उपचार के लिए चुनार के अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर सीओ चुनार रामानंद राय भी मौके पर पहुंच गए। अजीत सिंह की तहरीर पर चुनार पुलिस ने संजय सिंह, अजय सिंह, सौरभ उर्फ चिंटू व सुरेश सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। सीओ चुनार रामानंद राय का कहना है कि जमीन संबंधी विवाद में एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायर किया है। दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गोली छूकर निकली है। उसकी हालत ठीक है। तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा का कहना है कि शस्त्र बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा इस मामले में आरोपी सभी चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दूसरे पक्ष की तरफ की तरफ से भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि बरामद शस्त्र का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।