चुनार राजकीय महाविद्यालय में प्रमाण पत्र व मेडल के साथ खेलकूद प्रतियोगिता के प्रतिभागी, स्रोत स
चुनार। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय महाविद्यालय के दो दिवसीय वार्षिक क्रीडा का समारोह का समापन शनिवार को हुआ। बालिका वर्ग में शिवानी यादव व बालक वर्ग में अजय सिंह महाविद्यालय के चैंपियन बने। दूसरे दिन के खेल की शुरुआत 2000 मीटर की छात्र वर्ग की दौड़ से हुई। इसमें बीए तृतीय सेमेस्टर के छात्र मुन्ना यादव ने प्रथम स्थान, बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र महेश द्वितीय स्थान व बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र विजय लाल यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग के 2000 मीटर दौड़ में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा शिवानी यादव ने प्रथम स्थान, बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अर्चना कुमारी ने द्वितीय स्थान व एमएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा पूजा सोनकर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर की छात्रा वर्ग की दौड़ में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा वंदना ने प्रथम स्थान, बीएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कृति यादव ने द्वितीय स्थान व बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा खुशबू यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय की प्राचार्य डा. माधवी शुक्ला ने कहा कि महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने एथलीट प्रतिस्पर्धाओं में नाम रोशन किया है। समापन समारोह दिवस पर क्रीडा प्रभारी अरबिंद कुमार ने महाविद्यालय क्रीड़ा की वार्षिक आख्या प्रस्तुत किया। खेल निर्णायक मंडल में मेजर कृपा शंकर सिंह, गणेश प्रसाद सिंह, श्यामबली सिंह, रविश, रजत, दिनेश आदि शामिल रहे। संचालन डा. दीप नारायण, डा. रीता मिश्रा, नलिनी सिंह व डा.शिखा तिवारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन क्रीड़ा प्रभारी अरविंद कुमार ने किया। खेल में स्थान प्राप्त छात्र- छात्राओं को प्रमाण पत्र, मेडल, पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर डाॅ. चंदन साहू, प्रो. कुसुमलता, डाॅ. दीपक सिंह,डाॅ. शैलेन्द्र कुमार, शेफालिका राय, डाॅ. विद्या सिंह आदि रहीं।