जमालपुर। थाना क्षेत्र के जिवनाथपुर कंचनपुर स्टेट हाईवे पर जलालपुर चौराहे के पास चालक को झपकी आ जाने से रविवार को भोर में करीब तीन बजे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। इसमें गंभीर रूप घायल तीन लोगों को रेफर कर दिया गया।
टेंपो में सवार सात लोग जमालपुर के मठना गांव में आयोजित शादी से जुड़े कार्य में गए थे। वहां काम करने के बाद रात में टेंपो से घर लौट रहे थे। टेंपो जिवनाथपुर कंचनपुर स्टेट हाईवे पर जलालपुर चौराहे के पास पहुंचा था कि चालक को झपकी आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टेंपो में सवार सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पीआरपी पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल अदलहाट थाना क्षेत्र के भलवा निवासी शिवेश (24), साहिल (21) और खालिद (15) काे प्राथमिक उपचार कर ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। अदलहाट थाना क्षेत्र के भलवा गांव निवासी चार अन्य घायलों गुलफाम (18), जावेद (15), इदरीश (45) और मोहम्मद आमिर (33) का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।