राजगढ़/हलिया। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में महिला समेत सात लोग घायल हो गए। राहगीरों व पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने दो लोगों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।
खमरिया निवासी 30 वर्षीय अखिलेश व 30 वर्षीय नवनीत बाइक से गिरकर घायल हो गए। दूसरी घटना में बिसहार निवासी 32 वर्षीय महेश को सामने से बाइक से आ रहे जोगनी निवासी 18 वर्षीय अवधेश ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में दोनों गिरकर घायल हो गये। दोनों को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। तीसरी घटना में 35 वर्षीय चंदा देवी निवासी ददरा पहाड़ी बाइक से गिरकर घायल हो गईं। चौथी घटना में बंदरदेवा निवासी 16 वर्षीय राकी बाइक से गिरकर घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया गया। डाॅ. महेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। अवधेश व महेश की हालत गंभीर होने पर ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। उधर, हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर गुलाब चौराहे के समीप मंगलवार को शाम को गोवंश से टकरा कर बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने हलिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रयागराज जिले के घोरहा गांव निवासी 45 वर्षीय बबलू सिंह अपनी बहन को उसकी ससुराल भटवारी गांव में महेंद्र सिंह के यहां छोड़ने गए थे। घर लौटते समय शाम छह बजे रास्ते में गुलाब चौराहा के पास गोवंश से टकराकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।