मिडिल स्कूल बेलन बरौंधा में बुधवार को न्याय पंचायत स्तरीय कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमे बरौंधा न्याय पंचायत के 18 प्राथमिक व मिडिल स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्राथमिक स्तर पर बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय बरौंधा द्वितीय के संतराज जैसल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इनके अलावा 200 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय बरौंधा नंबर एक के आदित्य कुमार ने पहला स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग के 100 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय गंभीरापुर की अदिति त्रिपाठी प्रथम स्थान पर रहीं। इसी तरह से 200 मीटर के बालिका वर्ग के दौड़ में प्राथमिक विद्यालय नैड़ी कठारी की पूजा सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालक वर्ग लंबी कूद में प्राथमिक विद्यालय नैड़ी कठारी के अंकित ने पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग लंबी कूद में प्राथमिक विद्यालय नैड़ी कठारी की कुमारी नव्या प्रथम रहीं।
बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय नैड़ी कठारी प्रथम तथा कबड्डी बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय बरौंधा द्वितीय के प्रतिभागी प्रथम रहे। पूर्व माध्यमिक स्तर पर बालक वर्ग के 100 मीटर दौड़ में मिडिल स्कूल बसकोप के अमित कुमार प्रथम तथा 400 मीटर दौड़ में मिडिल स्कूल बरौंधा के शिवकुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिडिल वर्ग की ऊंची कूद में सेन कुमार प्रथम व अक्षय कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। गोला फेंक में यूपीएस बसकोप के अमित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एबीआरसी व एनपीआरसी करुणा शंकर ने की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर रामसकल यादव, उमाशंकर सिंह, प्रशांत सिंह, रमाशंकर, नीरज कुमार, रामचंद्र, सत्यम तिवारी, विनोद जायसवाल, हीरालाल, ललित मोहन आदि मौजूद रहे।