मिर्जापुर। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र व जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शुक्रवार को विंध्याचल पहुंचकर नवरात्र मेला की तैयारियों का निरीक्षण किया। पेयजल पाइप के लीक होने से पूरे मार्ग पर पानी बहता देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जतायी। साथ ही उसे शीघ्र ठीक करने के लिए कहा।
मंडलायुक्त के पहुंचने से पूर्व जिलाधिकारी ने न्यू वीआईपी मार्ग, कोतवाली मार्ग सहित परिक्रमा पथ का निरीक्षण किया। कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कोतवाली मार्ग पर निरीक्षण के दौरान पेयजल पाइप के लीक होने से पूरे मार्ग पर पानी बहता देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जतायी और उसे ठीक करने को कहा। कोतवाली मार्ग पर अपेक्षित प्रगति न पाये जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष प्रकट किया। मार्ग के समतलीकरण कराने का निर्देश देते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि रात दिन शिफ्टवार कार्य कराते हुये सभी कार्य को पूर्ण किया जाय। न्यू वीआईपी पर चल रहे पत्थर के अवशेष कार्य को एक दिन में पूरा कराते हुये मार्गों से पत्थरो एवं मलबा को तत्काल हटाकर साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। कोतवाली मार्ग पर कुछ दुकानदारों द्वारा बढ़ाकर दुकान लगाए जाने पर कड़ी आपत्ति करते हुये लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया। जितनी जमीन मार्ग के लिये निर्धारित की गई है यह सुनिश्चित करे कि पूरी जमीन को खाली कराकर समतल कराते हुए आवागमन योग्य बनाया जाय। परिक्रमा पथ पर भी निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया गया कि मार्ग को समतलीकरण करते हुये मलबे को अन्यत्र हटा दें।
पैचिंग कार्य का भी जाना हाल
मिर्जापुर। जिलाधिकारी ने लाल भैरव मंदिर से ओझला पुल तक कराए जा रहे पैचिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पैचिंग कार्य में कच्चा कार्य कराया जा रहा हैं। धूप निकलते ही पक्का पैचिंग का कार्य करा लिया जायेगा। जाह्नवी होटल के सामने लगभग 30 से 40 मीटर सड़क को तत्काल मरम्मत कराते हुये पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। मार्गों को समय रहते मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।