मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कराने के लिए नौ अगस्त को बाइक जुलूस निकलेगा। संगठन के पदाधिकारियों ने कुछ विद्यालयों के प्रबंधकों पर शिक्षकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
अकोढ़ी स्थित महेश भट्टाचार्य इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कराने के लिए नौ अगस्त को बाइक जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया। मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने आगाह किया कि शिक्षक समुदाय अपने हितों के प्रति जागरूक होकर संघर्ष नहीं करेंगे तो केंद्र व प्रदेश की सरकारें उनकी सारी सुविधाएं एक-एक कर छीन लेंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सड़क पर उतर कर संघर्ष करना होगा। मंडलीय अध्यक्ष केदारनाथ दुबे ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाली के लिए नौ अगस्त को अपराह्न ढाई बजे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से गिरधर चौराहा, वासलीगंज, संकटमोचन होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक बाइक जुलूस निकाला जाएगा।
मंडलीय मंत्री गणेश प्रसाद सिंह ने कुछ विद्यालयों के प्रबंधकों पर शिक्षकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। जिला मंत्री डॉ. रमाशंकर शुक्ल ने चेतावनी दी कि शिक्षकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सत्यभूषण सिंह तथा संचालन जिला मंत्री डॉ. रमाशंकर शुक्ल ने किया। बैठक में डॉ.यशवंत सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह, उमाकांत, राधा कांत त्रिपाठी, डॉ. शशिधर उपाध्याय, डॉ. धर्मराज सिंह, डॉ. दिनेश कुमार चौरसिया, राम सागर यादव आदि मौजूद थे।