मिर्जापुर। भीषण गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए कक्षा छह से 12वीं तक के माध्यमिक विद्यालयों का समय भी बदल दिया गया है। अब माध्यमिक विद्यालय भी सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम ने सोमवार को आदेश जारी किया। यह सरकारी, निजी, अनुदानित, सभी बोर्ड, संस्कृत बोर्ड और मदरसा बोर्ड के स्कूलों पर प्रभावी होगा। आदेश के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।