चील्ह। चील्ह-गोपीगंज मार्ग पर स्थित मवैया गांव के पास शुक्रवार की शाम बोलेरो ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दिया। हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप ये घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजवाया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के बसनेहता गांव निवासी राजमनि यादव (60) अपने साथियों के साथ दर्शन करने के लिए विंध्याचल आए थे। उनके दो साथी अभिलाख पाल और अनुज कुमार निवासी सिथौली थाना उतराव प्रयागराज बाइक पर थे। सभी लोग दर्शन करने के बाद शाम को घर लौट रहे थे। बाइक सवार आगे चल रहे थे। रास्ते में चील्ह थाना क्षेत्र के मवैया गांव के पास बोलेरो ने स्कूटी सवार राजमनि को टक्कर मार दिया। हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल भेजवाया। राजमनि के पास मिले मोबाइल से उनके साथियों को सूचना दी। मंडलीय अस्पताल में डाॅक्टर ने राजमनि को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष समर बहादुर सरोज ने बताया कि बोलेरो के टक्कर से स्कूटी सवार की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।