खण्ड शिक्षा अधिकारी के निरिक्षण मे बत्ती गुल, पंखा झलता मिला चपरासी ।
- फोटो : MIRZAPUR
अहरौरा। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के गैरहाजिर होने की शिकायतों पर बीईओ जमालपुर ने शुक्रवार की दोपहर नगर स्थित तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान गैरहाजिर मिले दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा साथ ही एक दिन का वेतन काटने के लिए बीएसए से संस्तुति की। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जमालपुर प्रदीप कुमार सिंह शुक्रवार की दोपहर प्राथमिक विद्यालय प्रथम पर पहुंच गए जहां उन्होंने 21 सितंबर से शुरू होने वाले ई-पाठशाला के बारे में शिक्षकों को बताया। इस दौरान शिक्षकों के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया तो एक शिक्षा मित्र गायब मिले। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय तृतीय पहुंच कर निरीक्षण किया। पास ही स्थित कन्या पाठशाला विद्यालय पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तो खामियां उजागर हुईं। सबसे पहले उन्होंने बच्चो के नामांकन के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया तो वहा मौजूद शिक्षक रजिस्टर ही पलटते रह गए। शिक्षक सही आंकड़ा नहीं बता सके। जिसपर उन्होंने फटकार लगाते हुए चेतावनी दी है। इसके बाद उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक करना शुरू किया तो दो रजिस्टर बना हुआ मिला। जिसे उन्होंने एक रजिस्टर बनाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान एक शिक्षक भी गैर हाजिर मिले। एबीएसए प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कन्या पाठशाला और प्राथमिक विद्यालय प्रथम पर दो शिक्षक गैर हाजिर मिले हैं। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही वेतन कटौती के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।