हालिया। क्षेत्र के भटवारी गांव स्थित अदवा नदी पर बने पुल से होकर स्कूल जा रही साइकिल सवार हाईस्कूल की छात्रा रेलिंग न होने से 50 फीट नीचे नदी में गिरी गई। साथ में जा रही छात्राओं की चीख पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल छात्रा को अदवा नदी से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल जाते समय बथुआ के पास बालिका ने दम तोड़ दिया। थाना क्षेत्र के हथेड़ा गांव निवासी शारदा प्रसाद मिश्र की 15 वर्षीया पुत्री सुधा मिश्रा बुधवार सुबह अपनी सहेलियों के साथ साइकिल से भटवारी गांव स्थित जगधारी प्रसाद यादव स्मारक इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए जा रही थी। वह भटवारी गांव स्थित अदवा नदी पर बने सिंचाई विभाग के क्षतिग्रस्त रेलिंग विहीन पुल पर पहुंची थी। इस दौरान सामने से गुजर आ रहे मवेशी से बचने के चक्कर में साइकिल सहित रेलिंग विहीन पुल से 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी। साथ में स्कूल जा रही सहेलियों की चीख पुकार सुनकर पुल के आस-पास मौजूद ग्रामीण छात्रा को बचाने के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल छात्रा को आनन-फानन में नदी में कूदकर बाहर निकाला और घटना की सूचना परिजनों को दीे। मौके पर पहुंचे परिजन छात्रा को अचेतावस्था में उपचार के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया लेकर पहुंचे। जहां गंभीर रूप से घायल अचेत छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया। अस्पताल जाते समय रास्ते में छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हलिया। क्षेत्र के भटवारी गांव में अदवा नदी पर सिंचाई विभाग द्वारा चार दशक पूर्व बनाए गए पुल के क्षतिग्रस्त होने पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते रेलिंग विहीन क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत नहीं करवाई जा रही है। जिससे आए दिन बड़ी घटनाएं हो रही है। क्षेत्रवासियों में सिंचाई विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन हालत जस की तस बनी हुई है। आए दिन रेलिंग विहीन क्षतिग्रस्त पुल पर दुर्घटनाएं हो रही हैं।