पुलिस लाईन से तहसील चौराहा रोड पर धसी स्कूल बस।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। सीवर लाइन को लेकर चल रही खुदाई के चलते अभी तक लोगों का सामना टूटी फूटी सड़क और उड़ती धूल से हो रहा था अब खोदे गए गड्ढे धंसने भी शुरू हो गए हैं। नगर के पुलिस लाइन रोड पर एक कोल्ड स्टोरेज के पास शनिवार को भरूहना स्थित एक विद्यालय की स्कूल बस का पूरा पहिया खुदाई के बाद ढके गए गड्ढे में धंस गई। जिस समय बस का पहिया धंसा उस समय उसमें बच्चे सवार थे। कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
इस समय पूरे नगर में सीवर लाइन के लिए खोदाई का काम चल रहा है। नागरिकों का कहना है कि पाइप बिछाने के बाद ठीक से मिट्टी व गिट्टी को गड्ढे में डालकर पाटा नहीं जा रहा है। अभी तक धूल व गर्द से तो लोग परेशान ही थे कि अब इस प्रकार की दुर्घटना होने लगी है। इसके पहले भी देवपुरवा के पास एक पिकअप गड्ढे में फंस गई थी। उससे भी कार्यदायी संस्था ने कोई सबक नहीं लिया। कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि रात में काम होता है और दिन में आवागमन शुरु हो जाता है। हो सकता है कि गिट्टी और मिट्टी वहां पर ठीक से न बैठी हो। इसका ध्यान रखा जा रहा है।