सपा कार्यालय में सावित्री बाई फुले की जयंती पर बोलते सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी। स्रोत- स
मिर्जापुर। शिक्षा और सुधार की मसीहा सावित्रीबाई फुले की जयंती समाजवादी पार्टी कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में मनाई गई। इस मौके पर उनके तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि सावित्री बाई फुले ने महिलाओं और दलित जातियों को शिक्षित करने की पहल की थी। उन्होंने विधवा विवाह कराने, छुआछूत मिटाने को अपना मिशन बनाया। जब लड़कियों पर पढ़ने-लिखने की पाबंदी थी, तब कट्टरवादी लोगों से टकराकर उन्होंने पुणे में तीन जनवरी 1848 में नौ छात्राओं के साथ विद्यालय की स्थापना की थी। कहा कि सावित्री बाई फुले को समाज सुधार के काम में रुढ़िवादी समाज से विरोध में बहुत कुछ सुनना और सहना पड़ा लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। उन्हें स्त्री अधिकारों व शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका के लिए हमेशा याद किया जाएगा। इस मौके पर राजेंद्र सिंह पटेल, सुरेन्द्र सिंह पटेल, रवींद्र बहादुर सिंह, मुन्नी यादव, आकाश यादव, आदर्श यादव, सत्यप्रकाश यादव आदि रहे।