सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम की घटना
- फोटो : अमर उजाला
सूचना पर चुनार व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ चुनार रामानंद राय फील्ड यूनिट व डाग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर जीवन बाबा उर्फ जीत (45) पुत्र सियाराम निवासी छतरी थाना सीहोर जनपद शिवपुर मध्य प्रदेश का शव मिला। जिनके सिर में गोली लगी थी।
सीओ की पड़ताल में पता चला कि जीवन बाबा ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मौके से दो तमंचे बरामद हुए। दोपहर 12 बजे तक आशीष महाराज को गोली लगने की बात को आश्रम के लोगों ने छिपाए रखा। दो लोगों को गोली लगने की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि को मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा।
मौके पर पहुंचे एएसपी नक्सल ने बताया कि एक साधु की गोली लगने की सूचना पर आश्रम के सीसी फुटेज की पड़ताल की गई। फोरेंसिक जांच के बाद पाया गया कि एक और व्यक्ति को गोली लगी है। मिर्जापुर के अस्पताल और अन्य अस्पताल में पता किया गया, पर पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने अपने सूत्रों से पता लगाया कि आशीष बाबा को गोली लगी है। वह चंदौली के अस्पताल में भर्ती हैं।
चंदौली अस्पताल में मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सीओ सिटी चंदौली द्वारा मौके पर जाकर पता किया गया। जिसके बाद आशीष बाबा को गोली लगने की पुष्टि हुई है। आशीष बाबा नामक साधु को चंदौली के आरडी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी कमर में फंसी गोली निकाल दी गई है। ऑपरेशन भी पूरा हो चुका है। वे खतरे से बाहर हैं।
परमहंस आश्रम में खुद को गोली मारने वाले साधु जीवन बाबा ने बुधवार को पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन से गाड़ी बुक की थी। सूत्रों के अनुसार साधु सफेद कपड़ों में बुधवार को रेलवे स्टेशन स्थित टैक्सी स्टैंड पर पहुंचा था। इसके बाद उसने चालकों से किलोमीटर के हिसाब से किराया बुक करने को कहा।
चर्चा है कि साधु ने बताया कि पहले को सक्तेशगढ़ आश्रम जाना है। वहां काम नहीं होने पर घोरावल आश्रम जाना होगा। साधु की खुदकुशी के बाद से पुलिस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है।