मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उत्तर पुस्तिकाएं वितरित हो चुकी हैं। अब प्रश्नपत्र वितरित किए जाने की बारी है। उसका भी रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है। मंगलवार से संबंधित परीक्षा केंद्रों को उसका वितरण शुरू किए जाने की संभावना है।
इस बार बोर्ड ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। रात में भी प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों मेंं प्रश्नपत्र डबल लाक में स्ट्रांग रूम में रहेंगे ही, साथ ही प्रश्नपत्र 24 घंटे सीसी कैमरों और वायस रिकार्डर की निगरानी में भी रहेंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की पुख्ता प्रबंध करने के लिए रात में भी निगरानी के लिए टीम का गठन किया गया है। यूपी बोर्ड की परीक्षा 22 फरवरी को दोनों पालियों में होगी। पहले ही दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का आयोजन किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। निर्धारित समय तक सभी परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचा दिए जाएंगे।