विंध्याचल। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आए सेवानिवृत्त फौजी की लाइसेंसी पिस्टल गंगा में स्नान के दौरान चोरी हो गई। पुलिस सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के साथ ही मामला संदिग्ध बताकर जांच में जुटी है।
प्रयागराज जिले के मेजा थाने के उरुआ गांव निवासी एयर फोर्स से सेवानिवृत्त फौजी प्रदीप कुमार तिवारी अपनी पत्नी के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन से पहले वे गंगा में स्नान के लिए अखाड़ा घाट पहुंचे। गंगा में स्नान के दौरान उन्होंने अपना बैग अपनी पत्नी के पास रख दिया। जिसमें उनका लाइसेंसी पिस्टल, मोबाइल फोन व गाड़ी की चाबी रखी थी। जब वे गंगा में डुबकी लगाकर बाहर आए तो पत्नी के पास रखा बैग नहीं दिखा। उन्होंने पत्नी से पूछा तो वह भी कुछ नहीं बता पाईं। काफी देर तक परेशान होने के बाद उन्होंने स्थानीय कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई। विंध्याचल कोतवाल चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घाट पर लगे सीसी कैमरे में देखने से स्नान के दौरान उनके द्वारा बताए स्थान पर बैग नहीं दिखाई दिया। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।