बुधवार की रात हुई बारिश ने नगर में जमकर कहर ढाया। नगर में जगह-जगह जल भराव हो गया। कई जगह सड़कें धंस गईं। जलभराव के कारण कई जगह लोगों को घरों में पानी घुस गया। रात भर नगर में आपाधापी का माहौल रहा। लोग किसी तरह से अपने सामान को सुरक्षित करने में जुटे रहे।
बुधवार को देर शाम करीब सात बजे बारिश शुरू हुई। इसके पहले लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। पानी की बूंदें पड़नी शुरू हुईं तो लोगों ने राहत की सांस ली कि चलो अब इस भीषण गर्मी से छुटकारा मिलेगा। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन बारिश ज्यादा होने से कुछ ही देर में पूरे नगर में जगह-जगह जलभराव हो गया। सड़क से लेकर बाजार तक, घरों से लेकर मंदिर तक लोग परेशान हो गए। कई जगह लोगों के घरों में पानी घुस गया। कुछ जगह मंदिर के गर्भगृह में भी पानी भर गया। बुधवार को रात में लगातार हुई बारिश ने नगर पालिका की तरफ से कराई गई नालियों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। जगह-जगह जलभराव होने से गंभीर संकट पैदा हो गया। खजांची के चौराहा से गिरधर के चौराहा तक पूरे मार्ग पर जलभराव हो गया। पानी इतना अधिक था कि खजांची के चौराहा से स्वामी दयानंद मार्ग की तरफ मुड़ने पर मोड़ पर बीच सड़क लाइन से कई वाहनों को खड़ी कर बैरिकेडिंग कर दी गई ताकि कोई बच्चा उधर न जा सके। यही व्यवस्था दूसरे छोर पर गिरधर के चौराहा के पास भी की गई थी। लोगों का कहना था कि पानी इतना अधिक था कि यदि छोटे बच्चे जाते तो डूब सकते थे। हालांकि इस मार्ग पर बारिश में जलभराव तो होता है, लेकिन इतना अधिक जल भराव नहीं होता है। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि नालियों की सफाई ठीक ढंग से हुई होती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। इसी प्रकार गिरधर के चौराहा से महुवरिया मार्ग, स्टेशन रोड व मुकेरी बाजार की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी जलभराव हो गया। सिविल लाइंस तिराहा, वासलीगंज में कई चौराहों पर भी जल भराव हो गया था। इसके साथ ही नटवां अंडरपास, विंध्याचल में पटेंगरा नाला के पास व अन्य कई जगहों पर भी जलभराव हो गया।
उधर, नगर में बुधवार की रात हुई तेज बारिश के कारण कई जगह सड़कें धंस गईं। चेतगंज वार्ड के खंदवा नाला मोहल्ले में सफाई नायक राजेश के घर के पास सड़क धंस गई। बताया गया कि वहां से अमृत योजना के तहत पाइप लाइन ले जाई गई थी। इसी प्रकार नगर के संगमोहाल में एक जगह सड़क धंसने से उसमें दो बोलेरो फंस गई। लालडिग्गी में एक होटल के पास मुख्य सड़क की पूरी पटरी धंस गई। इससे बचाव के लिए नगर पालिका कर्मियों ने वहां आनन-फानन में बैरिकेडिंग की। उधर, नगर विकास खंड के सिनहर दीक्षित क्षेत्र में एक कार ही सड़क में धंसने लगी। हालांकि आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो कार चालक ने आनन-फानन में वाहन पीछे कर बचाव कर लिया। ये घटनाएं यह बताने के लिए काफी हैं कि नगर में सड़कों की स्थिति कितनी खराब है। इस बारिश का पानी लोगों के घरों व दुुकानों तक में घुस गया। स्वामी दयानंद मार्ग पर स्थित कई दुकानों के अंदर पानी घुस गया। लोगों को समझ में नहीं आया कि उस पानी को कहां और कैसे निकालें। कोई वाइपर से तो कोई किसी अन्य चीज से पानी को बाहर करने का प्रयास कर रहा था। इसी तरह रमईपट्टी नई बस्ती में कई लोगों के घरों में पानी घुस गया। नागरिकों का कहना था कि इसके लिए पहले ही सफाई कर्मियों से कहा गया था, लेकिन जरूरी कदम नहीं उठाए गए। परिणामस्वरूप लोगों के घरों में नाली का गंदा पानी घुस गया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता का कहना है कि बुधवार को तेज बारिश हुई। पहली बार जब तेज बारिश होती है तो सड़क का मलबा व कचरा भी पानी के साथ नालियों में चला जाता है। इससे इस तरह की समस्या पैदा होती है। हालांकि इस समस्या से निपटने के लिए बुधवार को रात में ही काम शुरू करा दिया गया, ताकि तत्काल लोगों को राहत मिल सके।