कंतित बाबा के मजार में चादर पोसी करते प्रदेश के कांग्रेस नेता।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी बाजीराव खाड़े के नेतृत्व में सोमवार को जिले में पहुंची कांग्रेस की प्रतिज्ञा पदयात्रा मंगलवार को जिले के अन्य क्षेत्रों के लिए रवाना हुई। इस दौरान प्रतिज्ञा यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने हजरत ख्वाजा इस्माईल चिश्ती रहमतुल्ला कंतित शरीफ मजार पर चादर पोशी और मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। पदयात्रा में शामिल वक्ताओं ने कहाकि भाजपा सरकार में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ती है। कांग्रेस की सरकार में किसानों का ऋण माफ और बिजली का बिल हाफ होगा। छानबे विकास खंड के गैपुरा चौराहे पर पहुंची पदयात्रा का स्वागत हुआ। जिगना, पाली में आयोजित नुक्कड सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई , बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है। आज पेट्रोल, डीजल और गैस सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। किसानों की हालत खराब है। भाजपा के सहयोगी दल का सांसद सवर्णों को गाली दे रहा है। इस प्रकरण में पीएम नरेंद्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए। विधायक दीपक सिंह ने कहाकि कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का ऋण माफ होगा और बिजली का दाम हाफ किया जाएगा। अजय राय ने कहाकि कांग्रेस 2022 में सरकार बनाएगी और 20 लाख लोगों को नौकरी तथा असाध्य रोगियों को 10 लाख रुपये की मदद सहित तमाम सुविधाएं देगी। अध्यक्षता करते हुए पार्टी जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर देख रही है। सभा का संचालन पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने किया। कृष्ण गोपाल चौधरी, कंचन पांडेय, अमिताभ पांडेय, जनार्दन प्रसाद पाठक, भूपेंद्र शुक्ला, राजेश नारायण तिवारी, राजधर दुबे रवि शंकर तिवारी, छोटे खान आदि मौजूद रहे।