मिर्जापुर। बीते जनवरी माह में सेमरा-खुटारी गांव के बीच नहर के पास कार सवार बदमाशों द्वारा सराफा व्यवसायी को गोली मारकर लाखों रुपये मूल्य के गहने लूट लिए जाने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी सीओ ऑपरेशन अमर बहादुर ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि मड़िहान थाना क्षेत्र के दारानगर कलवारी निवासी अजित केसरी अपने भाई अजय केसरी के साथ कलवारी चौराहा पर आभूषण की दुकान खोले हुए हैं। प्रतिदिन की तरह दुकान बंद करके बीते 15 जनवरी को दोनों भाई शाम छह बजे के करीब कार से घर जाने के लिए निकले थे। कार सेमरी-खुटारी गांव के बीच नहर के पास पहुंची थी, इस बीच काले रंग की कार से ओवर टेक करते हुए आगे आए बदमाशों ने सराफा व्यवसायी की गाड़ी रोकवाकर लोहे के राड से मारकर उसका शीशा तोड़ दिया था। इसके बाद अजय को गोली मारकर गहनों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस चार आरोपियों शैलेंद्र, धनंजय, रामनिवास उर्फ श्रीनिवास तथा अंकित चौहान को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उनके पास से आठ लाख रुपये मूल्य के आभूषण, तमंचा, बाइक तथा कार बरामद की गई थी। दो फरार आरोपियों के घर कुर्की का नोटिस चस्पा कर 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। सीओ ऑपरेशन ने बताया कि दो आरोपी फरार चल रहे थे। उनमें से 25 हजार के इनामी पांचवें आरोपी बांके उर्फ बंगा चौधरी उर्फ शिव गोविंद निवासी रोहतास बिहार को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से लूट की एक अंगूठी, एक लॉकेट और 1500 रुपये बरामद हुए हैं। बांके ने अपने साथियों के साथ मिलकर सराफा व्यापारी के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि छठें आरोपी मुन्ना उर्फ वीरेंद्र उर्फ संजीत निवासी अकोढ़ा थाना दीनारा रोहतास बिहार की तलाश की जा रही है।