मिर्जापुर। मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. आरबी कमल ने बृहस्पतिवार को दोपहर में मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान एक्सरे कक्ष में एक्सरे फिल्म को काटकर दिए जाने पर कर्मचारी से उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्टाक बुक मांगा और नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद प्राचार्य ने बच्चा वार्ड, ट्रामा सेंटर आदि का निरीक्षण कर कार्यालय पहुंच कर कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली।प्राचार्य डाॅ. आरबी कमल, एसआईसी डाॅ. अरविंद सिंह, डाॅ. अरविंद सिन्हा, प्रबंधक अनुज ठाकुर के साथ मंडलीय अस्पताल की ओपीडी का भ्रमण करने के बाद एक्सरे कक्ष में पहुंचे। लोगों ने एक्सरे फिल्म काटकर देने की शिकायत की। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने एक्सरे फिल्म काट कर देत देख संबंधित कर्मचारी से कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि पूरी फिल्म देने की बजा काट कर क्यों दिया जा रहा है। उन्होंने कर्मचारी अनिल त्रिपाठी से स्टाक बुक मांगा। स्टाक बुक नहीं उपलब्ध कराने पर फटकार लगाई। इसके बाद बच्चा वार्ड की ओर गए। बच्चा वार्ड के पास बने एक गेट को बंद कराया। इसके बाद उन्होंने ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया। कार्यालय में पहुंचकर कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। भवन से गिर रहे पानी की समस्या का समाधान कराने के लिए कर्मचारी को निर्देश दिया।