मिर्जापुर। होली का त्योहार आते ही रिफाइंड, सरसो तेल सहित अन्य खाद्य सामग्रियों के दाम बढ़ गए हैं। जिससे गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एक सप्ताह के बीच रिफाइंड, सरसो तेल के दामों में 14 रुपये से लेकर 17 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। गुझिया में पड़ने वाले सामग्रियों के भाव भी आसमान छू रहे हैं।
एक सप्ताह पहले 115 रुपये प्रति लीटर बिकने वाला फार्चुन रिफाइंड पैक इस समय 132 रुपये हो गया। इसी तरह 116 रुपये लीटर बिक रहा सरसो तेल प्रति पैक 130 रुपये पहुंच गया है। गुझिया में पड़ने वाले सामन के दाम भी बढ़े हैं। मेवा के दाम आसमान छू रहे हैं। एक सप्ताह पहले 680 रुपये प्रति किलोग्राम बिकने वाला मखाना इस समय 1020 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। 1800 रुपये बिक रहा चिरौजी इस समय 2600 रुपये किलोग्राम हो गया है। इसी तरह 1200 रुपये किलो बिकने वाले खीरा बीज के दाम 1400 रुपये, 800 रुपये बिकने वाला हिरमाना बीज 1200 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। वहीं मैदा 32 रुपये से 36 रुपये, सूजी 32 रुपये से 40 रुपये व चीनी के दाम 42 से 26 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है।