मिर्जापुर। मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी ने शुक्रवार को दोपहर में मंडलीय अस्पताल और महिला अस्पताल परिसर स्थित ट्रामा सेंटर, कुपोषण केंद्र (एनआरसी) व नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों व तीमारदारों से बात कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। डेंगू वार्ड निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने डेंगू बीमारी से निपटने के पहले से ही पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान वार्डों की खिड़कियां आदि को सही कराकर महीन जाली लगवाने का निर्देश दिया। ट्रामा सेंटर पहुंच कर उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में मरीजों से बात कर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के अन्य वार्डों का भी निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में बेहतर साफ-सफाई का भी निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने महिला अस्पताल पहुंचकर नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया। वहां के रजिस्टरों की जांच करते हुए वार्ड और उसके बाहर बेहतर साफ-सफाई का निर्देश दिया। इस दौरान प्राचार्य मेडिकल काॅलेज डाॅ. आरबी कमल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अरविंद सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा, प्रबंधक मंडलीय अस्पताल अनुज ठाकुर आदि मौजूद रहे।