सिटी ब्लॉक सभागार में राज्य पोषण मिशन के तहत मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नवनिर्वाचित प्रधानों और ग्रामीणों को स्वच्छता और पोषण मिशन के बारे में जानकारी दी गई।
साथ ही लाल श्रेणी के कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने पर पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शाल देकर और माताओं को थाली कटोरी देकर उत्साहवर्धन किया। सीडीओ ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा बच्चों की नियमित जांच करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस ब्लाक स्तर पर चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा बच्चों की नियमित जांच करें। इस कार्य में प्रधान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि बीएचएमसी योजना के तहत ग्राम प्रधान और एएनएम के संयुक्त खाते में दस हजार की धनराशि आएगी। इस धनराशि से ग्राम प्रधान गांव में साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, कूएं के पानी को साफ रखने के लिए दवा का छिड़काव आदि कराएं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरमीत गुप्ता ने कहा कि सिटी ब्लाक के ग्राम प्रधान ब्लाक को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। ब्लाक को स्वच्छ बनाने में प्रधानों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम प्रधान दो-दो बच्चों को गोद लें और उनके पोषण पर विशेष ध्यान दें।
एसडीएम सदर रत्नप्रिया ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ रहने से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। सभी ग्रामीण बच्चों के स्वास्थ्य और गांव की साफ-सफाई पर विशेष बल दें। बीडीओ सिटी सूरज यादव ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्री बच्चों और गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच करें।
जिससे कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं रहे। यूनिसेफ के गरिमा परियोजना की कोआर्डिनेटर भानुप्रिया ने महिलाओं को मासिक माहवारी और सेनेटरी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन दीपक चौबे ने किया।
इस दौरान सीडीपीओ दिलीप पाठक, मीना श्रीवास्तव, एबीएसए अतुलदत्त तिवारी, एडीओ एसटी राकेश श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत शिवचंद्र चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।