मिर्जापुर। नगर पालिका अहरौरा, नगर पंचायत कछवां सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। रोस्टर के मुताबिक बिजली नहीं मिलने से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। बिजली के अभाव में पीने के पानी की समस्या बढ़ गई है। अधिकांश क्षेत्रों में जनरेटर चलाकर लोग पीने के पानी की व्यवस्था में कर रहे हैं।
अहरौरा में 24 घंटे में कुछ देर ही विद्युत आपूर्ति की जा रही है। विद्युत कटौती के कारण ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं। इससे क्षेत्रों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। विद्युत उपकेंद्र अहरौरा के नगर फीडर के अलावा जंगलमहाल, इमिलिया चट्टी तथा अदलहाट जमालपुर फीडर से जुड़े क्षेत्रों अघोषित विद्युत कटौती जारी है। कछवां
नगर पंचायत के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित कटौती से लोग त्रस्त हैं। क्षेत्र में मात्र आठ से दस घंटे विद्युत आपूर्ति हो रही है। अदलहाट क्षेत्र में अघोषित कटौती के चलते लोग परेशान हैं। क्षेत्र में 10-12 घंटे भी बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। बिजली आती भी है तो अधिकांश क्षेत्रों में दस दस मिनट में ट्रिप कर जाती है। बिजली की समस्या की जानकारी देने के लिए पर दूरभाष पर संपर्क करने पर उपकेंद्र में पहले तो फोन नहीं उठाया जाता है और अगर फोन रिसीव हो गया तो तकनीकी गड़बड़ी बताकर टाल दिया जाता है। क्षेत्रीय उपभोक्ता कमलेश सिंह, करुणापति सिंह, महानंद सिंह, रामेश्वर सिंह, राजू सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, राजेश्वर सिंह, उमा शंकर सिंह, लालता प्रसाद सिंह का कहना है कि इस भीषण गर्मी में अघोषित विद्युत कटौती के चलते खास तौर से छोटे बच्चे और विद्यार्थियों की ज्यादा परेशानी हो रही है।