मिर्जापुर। नगर के भरुहना विंध्यवासिनी कालोनी निवासी राजधर तिवारी ने शुक्रवार को एएसपी सिटी को ज्ञापन देकर पुत्री के खाते से पैसा निकालने वाले डाकघर के कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि पुत्री कुष्मांडा का सुकन्या समृद्धि योजना के तहत प्रधान डाकघर में खाता खोलवाया था। पुत्री के 18 वर्ष हो जाने पर पुत्री के साथ पैसा निकालने के लिए एक अगस्त से कई बार पोस्ट आफिस गए। यहां के कर्मचारियों द्वारा बहाना बनाकर वापस भेज दिया जा रहा था। 24 अगस्त को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया तो 11 सितंबर को पुत्री के खाते से 23 हजार रुपये निकल गया। इसका मैसेज मोबाइल पर आया। फोन कर बताया गया तो कहा गया कि जांच की जा रही है। जिलाधिकारी के यहां शिकायत करने पर पता चला कि खाते से पैसा निकल गया है। एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापित ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।