मिर्जापुर। कैश वैन लूट कांड की घटना हुए सप्ताह भर से अधिक दिन बीत गया है, परंतु पुलिस अभी तक बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस को अभी तक तीन बदमाशों की सीसी फुटेज से तस्वीर मिली है। उनकी पहचान के लिए पुलिस प्रदेश भर में हुए लूट कांड के आरोपियों की कुंडली खंगाल रही है। ताकि कैश वैन लूट कांड के आरोपियों को पकड़ा जा सके।
बीते 12 सितंबर को दोपहर में 12:50 बजे दो बाइक सवार चार बदमाश कटरा कोतवाली क्षेत्र के एक्सिस बैंक के सामने कैश वैन के गार्ड की हत्या कर 35 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। लूट कांड की घटना हुए एक सप्ताह से अधिक का समय बीत गया है और इसके खुलासे के लिए जिले की 30 टीमों के अलावा जोन की टीम और एसटीएफ लगी है, परंतु अभी तक पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ सकी है।
टीम जो फोटो मिले हैं, उसके आधार पर पुलिस पहचान के लिए प्रदेश में जहां भी पिछले पांच साल के दौरान लूट कांड की घटनाएं हुई हैं, उन घटनाओं में शामिल गैंग और उसके सदस्यों की कुंडली खंगाल रही है। जिन जिलों में घटनाएं हुई हैं, वहां की पुलिस से बात कर आरोपियों की फोटो आदि मंगाकर पहचान कराई जा रही है। भले ही पुलिस अभी तक घटना का खुलासा न कर सकी है, परंतु इनाम राशि की घोषणा के बाद पुलिस को कुछ जानकारी मिली है। जिसके आधार पर टीमें छानबीन में लगी हैं। इस समय जिले की अधिकांश टीमें गैर जिलों में जाकर दबिश देकर छानबीन कर रही हैं। जिले के बाहर दबिश देने गई टीमों को सफलता मिलने पर जल्दी ही घटना का खुलासा हो सकता है।
उधर, जिस तरह से बीते 12 सितंबर को मिर्जापुर में एक्सिस बैंक के सामने कैश वैन से लूट की घटना को अंजाम दिया गया, उसी तरह 19 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक्सिस बैंक के अंदर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। जिसमें बदमाश करोड़ों रुपये लेकर भागे हैं। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पुलिस ने ट्रक से भाग रहे बदमाशों को पकड़ लिया है। इसके बाद मिर्जापुर पुलिस वहां के बदमाशों की फोटो मंगाकर छानबीन कर रही है। साथ ही वहां के पुलिस अधिकारियों से बात कर बदमाशों के गैंग के बारे में जानकारी भी ली है। ताकि लूट के मामले में कुछ सुराग मिल सके।
उधर, पुलिस टीम चार बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसी टीवी फुटेज से उनके फोटो निकालकर पहचान करने में जुटी है। चार में से एक बाइक सवार सफेद शर्ट वाला बदमाश और उसके साथी की सीसी टीवी फुटेज से फोटो मिली है। दूसरे बाइक पर सवार एक-एक और बदमाशों की कैश वैन की फुटेज से हल्की फोटो मिली है। एक बदमाश हेलमेट के अंदर भी मास्क लगाया था। इस कारण उसकी तस्वीर कहीं नहीं मिल सकी है। अगर वह हेलमेट के अंदर मास्क नहीं लगाया होता तो कैश वैन के कैमरे में उसका चेहरा आ जाता। पुलिस को अब तक सबसे साफ फोटो सफेद शर्ट वाले की मिली है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है। किसी एक अपराधी के फोटो से मिलान भी कराया जा रहा है।