चील्ह। थाना क्षेत्र के चील्ह चौराहा के पास स्थित बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर ऑटो का इंतजार कर रही महिला से हुई लूट के मामले में पुलिस के हाथ चौबीस घंटे बीतने के बाद भी खाली हैं। पुलिस की टीमें मामले की छानबीन कर रही हैं, परंतु अब तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग सका है।
चील्ह थाना क्षेत्र के पुरजागिर बिंद बस्ती निवासी आशा कार्यकर्ता गीता मंगलवार को करीब सुबह 11 बजे चील्ह चौराहा के पास स्थित बैंक से रुपये निकालने पहुंची थीं। वे एक लाख रुपये निकालकर बैग में रखकर बैंक से बाहर आईं और सड़क किनारे खड़ी होकर घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार करने लगीं। इसी बीच मिर्जापुर की ओर से आए बाइक सवार दो बदमाश उनका रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी और पुलिस को इस घटना का जल्दी खुलासा करने का निर्देश दिया था। पुलिस को पहले दिन घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध और पारिवारिक विवाद से संबंधित लग रही थी, परंतु इस संबंध में पुलिस अब तक कोई तथ्य नहीं दे सकी है और न ही घटना का खुलासा कर सकी है। चील्ह थानाध्यक्ष रीता यादव का कहना है कि इस मामले के खुलासे के लिए चार टीमें लगी हैं। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।