विंध्याचल। अमृत भारत योजना के तहत चयनित विंध्याचल रेलवे स्टेशन को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इस कार्य का शिलान्यास छह अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे। इसके लिए रेलवे स्टेशन विंध्याचल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एडीआरएम इंफ्रा नवीन प्रकाश ने शनिवार को स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
अमृत भारत योजना के तहत मिर्जापुर के तीन रेलवे स्टेशनों विंध्याचल, मिर्जापुर और चुनार का कायाकल्प किया जाना है। पहले चरण में देश के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण किया जाना है। इनमें विंध्याचल स्टेशन भी शामिल है। इसी के तहत रविवार को शिलान्यास होना है। रविवार को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के लिए वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है। स्टेशन के पश्चिम चोर की दीवारों पर कलाकृतियां उकेरी गई हैं। शनिवार को सुबह एडीआरएम इंफ्रा नवीन प्रकाश ने स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। रेलवे स्टेशन परिसर में बेहतर साफ-सफाई का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि रविवार को शिलान्यास से पहले सुबह साढ़े नौ बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सांसद अनुप्रिया पटेल और अन्य जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।