मिर्जापुर। जिला निर्वाचन कार्यालय ने शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची जारी कर दी। इसके साथ ही एक प्रकार से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में जिला पंचायत के 44 वार्ड हैं। इन वार्डों से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य ही जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। हालांकि जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए कार्यक्रम तो पहले ही जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, 26 जून को नामांकन, 27 को नामांकन पत्रों की जांच तथा तीन जुलाई को मतदान और मतगणना होगी। हालांकि, अभी प्रमुख राजनीतिक दलों में से कुछ ने ही अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। इसमें सपा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है लेकिन भाजपा और बसपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसी बीच कहा जा रहा है कि कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि आखिरी समय पर कुछ उलटफेर होने की संभावना है। वहीं, जिस प्रकार से सपा आक्रामक है, उससे विपक्षी भी अपनी रणनीति को लेकर काफी सतर्क हो गए हैं। विशेषकर भाजपा का मौन किसी बड़े उलटफेर की ओर इशारा कर रहा है।