मड़िहान। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंघल ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक माह में उनका यह तीसरा निरीक्षण है। कहा कि चेतावनी के बावजूद स्वास्थ्य कर्मियों में सुधार नहीं दिख रहा। मरीजों से पूछताछ के दौरान वार्ड में भर्ती मरीजों ने बताया कि दवाइयां बाहर से लिखी गई हैं। इसी प्रकार एएनएम टीसी सेंटर का निरीक्षण किया तो मरीजों को दी जाने वाली दवाओं का अंबार लगा हुआ मिला। उन दवाओं की एक्सपायरी डेट नजदीक देख सीएमओ ने प्रभारी अधीक्षक व फार्मसिस्ट को फटकार लगाते हुए मरीजों को दवा वितरण करने का निर्देश दिया। तीमारदारों ने आरोप लगाया कि कमीशन के लिए मरीजों को बाहर की दवाएं व जांच पर्ची पर लिखी जा रही हैं। अस्पताल में सभी जांच केंद्र व एक्सरे तक की सुविधा होने के बावजूद मरीज को जांच के लिए निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ता है। अस्पताल में दलाल सक्रिय हैं। चिकित्सकों पर दबाव बनाकर निजी पैथॉलाजी सेंटर के पास जांच के भेजते हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मामले की सख्ती से जांच करा कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दंत मशीन अस्पताल में नहीं बल्कि ट्रेनिंग सेंटर में धूल फांक रही है। कोई संबंधित डाक्टर उपलब्ध नही हैं। सीएमओ ने अधीक्षक को दंत मशीन तत्काल अस्पताल में रखवाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान अधीक्षक डाक्टर महेंद्र चौधरी, फार्मासिस्ट वाचस्पति, मानिक चंद तिवारी, कपिल पांडेय, अनंत पांडेय, एलटी रामविलास आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।