सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर बच्चों को स्कूल नहीं भेजने वाले परिजनों को जेल में डाला जाएगा। वहीं स्नातकोत्तर तक शिक्षा मुफ्त की जाएगी।
ओमप्रकाश राजभर रविवार को मिर्जापुर में सावधान यात्रा पहुंचने पर जमालपुर के देवकली इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकारें बड़े उद्योगपतियों का एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज माफ कर सकती है तो गरीबों के घरेलू बिजली बिल भी माफ किया जाना चाहिए। उनकी पार्टी मुफ्त बिजली, नि:शुल्क व एक समान शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, निजी व सरकारी सभी अस्पतालों में सरकार के खर्च पर गरीबों व आम आदमी के इलाज के लिए लड़ाई लड़ रही है। इन मुद्दों पर जनता को जोड़ने के लिए पूरे प्रदेश में रैलियां कर रहे हैं। साथ ही देश व प्रदेश में जातीय जनगणना कराने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस आंदोलन से सरकारें दबाव में हैं। जनता इस मुद्दे पर जितनी जल्दी मुखर होगी, उतनी जल्दी इसे कराने में सफलता मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल में पहली बार राजनीति में समाज के पिछड़े लोगों की चर्चा हो रही है। अभी तक उनका उपयोग सियासी दल सिर्फ वोट के लिए करते रहे हैं। सावधान यात्रा इन लोगों को जगाने का काम कर रही है। यह यात्रा प्रदेश के सभी 75 जिलों से होते हुए 27 अक्तूबर को गांधी मैदान पटना पहुंचेगी। वहां सावधान महारैली आयोजित कर यात्रा का समापन होगा। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में पार्टी बिहार में भी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
इस अवसर पर जखनिया विधायक बेदीराम ने कहा कि जातिगत गणना की आवाज सबसे पहले ओमप्रकाश राजभर ने ही उठायी थी। इससे पूर्व सावधान यात्रा का जलालपुर चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जनसभा के दौरान इस दौरान जगन्नाथ कुशवाहा, अरुण राजभर, राजेश यादव, राजबहादुर राजभर, विकास प्रजापति, मुन्नू विश्वकर्मा, उषा यादव, राधिका बिंद, राजेंद्र बियार आदि मौजूद रहे। संचालन पार्टी के प्रदेश महासचिव राजेंद्र ने किया।