राजगढ़। थाना क्षेत्र के धनसीरिया पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार की शाम ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से उसके नीचे दबकर तीन युवक घायल हो गए। सभी को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों को उनकी हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
राजगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरा बरहों के मड़ईपुर गांव निवासी दीपक पड़ोसी से ट्रैक्टर-ट्राॅली मांगकर सरकारी बोरिंग का सामान सोनभद्र के जोगिनी से लादकर अपने घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर पर गांव के प्रदीप और लवकुश भी सवार थे। रास्ते में धनसीरिया गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे ट्रैकर पर बैठे प्रदीप (39), दीपक (28) तथा लवकुश (30) उसके नीचे दब गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी राजगढ़ भेजवाया। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टर ने दीपक काे मृत घोषित कर दिया। प्रदीप और लवकुश की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने से उसके नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।