विंध्याचल। थाना क्षेत्र के पटेगरा नाला पुल के पास नई रेल पटरी पार करते समय बृहस्पतिवार को शाम को एक व्यक्ति की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के बड़े बगीचा गांव निवासी 38 वर्षीय कलंदर वनवासी पुत्र रामसागर बृहस्पतिवार को शाम को करीब सात बजे अपने घर से किसी काम रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रेल लाइन पार करते समय अचानक पश्चिम दिशा की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गांव के लोगों ने पहुंच कर शव की पहचान की। घटनास्थल पर पहुंचे धाम चौकी प्रभारी दयाशंकर ओझा ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। कलंदर वनवासी से चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वे महुआ का पत्ता व लकड़ी बेचकर परिवार के सदस्यों का पालन-पोषण करते थे। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।