मिर्जापुर। आई फ्लू का प्रकोप बढ़ने के कारण अस्पताल में काफी संख्या में प्रतिदिन मरीज पहुंच रहे हैं। उधर, मंडलीय अस्पताल में आई फ्लू के इलाज में प्रभावी एक ड्राप ही खत्म हो गया है। दवाओं की ज्यादा खपत के चलते बाजार में भी इसकी कमी हो गई है। मेडिकल स्टोर पर भी आई ड्राप की दवाओं की कमी है। दुकानदारों को होलसेल में दवाएं महंगे दर पर मिल रही है।
इस समय आई फ्लू की चपेट में काफी संख्या में लोग आ रहे हैं। परिवार में एक भी सदस्य इस रोग का शिकार हो रहा है तो अन्य सदस्य भी इसकी चपेट में आ जा रहे हैं। मंडलीय अस्पताल में एक पखवाड़ा से प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज आ रहे थे। हाल के दिनों में तो मरीजों की संख्या दो सौ से ढाई सौ पहुंच गई है। मंडलीय अस्पताल में आई फ्लू के मरीजों को दी जाने वाली प्रभावी दो दिन से दवा खत्म हो गई है। मंडलीय अस्पताल में दवा खत्म होने के साथ ही मेडिकल स्टोरों में भी दवाओं की कमी हो गई है। दुकानदारों का कहना है कि होल सेल में उनको दवाएं महंगी मिल रही हैं। आर्डर करने पर दवा जल्द नहीं मिल रही है। बाजार में दवा की कमी है। होलसेल में दवा देने वालों के अलावा कंपनी ने भी दाम बढ़ा दिया है। एसआईसी डॉ.अरविंद सिंह का कहना है कि आई फ्लू में दो दवा मरीजों को दी जा रही है। इसमें एक दवा खत्म हुई है। दवा के लिए आर्डर किया गया है। जल्द ही दवा आ जाएगी। एक दवा उपलब्ध है। जो आई फ्लू के इलाज में कारगर है।