मिर्जापुर। नगर पालिका मिर्जापुर के अधिशासी अधिकारी जी लाल ने मंगलवार को सुबह तीन वार्डों पुरानी दशमी, डंगहर और अनगढ़ वार्ड में निरीक्षण कर सफाई-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अनुपस्थित रहने पर उन्होंने पांच कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
अधिशासी अधिकारी जब सफाई निरीक्षक संकल्प पांडेय के साथ पुरानी दशमी और अनगढ़ वार्ड पहुंचे तो वहां एक-एक कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसी प्रकार डंगहर वार्ड में तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अधिशासी अधिकारी ने सफाई निरीक्षक को अनुपस्थित मिले सभी पांच कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया । साथ ही भविष्य में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि तीन वार्डों में निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। वार्डों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली है। जिन वार्डों में कमियां मिली हैं, संबंधित कर्मचारी को उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए हैं। उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान सफाई नायक शंभूनाथ, सुरेश भारतीय, विजय मास्टर आदि मौजूद रहे।