राजगढ़। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-सोनभद्र बार्डर पर बकहर नदी पुल के पास से रविवार को सुबह पुलिस ने ढाई लाख रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा, कारतूस आदि भी बरामद किया गया।
राजगढ़ थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि रविवार को सुबह उपनिरीक्षक राम किशोर गश्त पर निकले थे। राजगढ़ बाजार के बकहर नदी पुल के पास खड़ा शिव प्रसाद निवासी जोगिनी थाना कर्मा सोनभद्र पुलिस को देखते ही भागने लगा। इस पर घेराबंदी कर पुलिस ने शिव प्रसाद को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर शिव प्रसाद के पास से एक तमंचा, कारतूस, 25 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। बरामद हेरोइन की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। थानाध्यक्ष विजय शंकर ने बताया कि आरोपी को एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।