मिर्जापुर। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की तर्ज पर अब जिले के प्रत्येक विकास खंड में पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे, इससे पशुपालकों को पशुओं के लिए सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध होंगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. भूपेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि इच्छुक आवेदक केंद्र खोलने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों में फार्मासिस्ट का नाम और पंजीकरण विवरण, 120 वर्ग फुट के दुकान स्थल का प्रमाण पत्र, और ड्रग लाइसेंस का प्रमाण पत्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केंद्र व सहकारी समितियों के योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह केंद्र केंद्र सरकार की पशुधन स्वास्थ्य व बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम के (एलएचडीसीपी) अंतर्गत संचालित होंगे। आवेदकों को केंद्र खोलने के लिए पांच हजार रुपये का शुल्क जमा करना होगा, और आवेदन प्रक्रिया आनलाइन होगी। इससे पशुपालकों को महंगी दवाओं से राहत मिलेगी। साथ ही उनको अपने ही विकास खंड के पशु अस्पताल के पास ही दवा मिल जाएगी। जिससे पशु को चिकित्सक को दिखाने के बाद वह तत्काल दवा प्राप्त कर सकेंगे।