मिर्जापुर। सोमवती अमावस्या पर सोमवार को महिलाओं ने पीपल वृक्ष की पूजा कर परिक्रमा की। सुबह गंगा में स्नान के लिए भी घाटों पर भीड़ रही। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक कर भगवान शंकर के दर्शन किए।
नगर के बरियाघाट, पक्काघाट, संकठाघाट, नारघाट, बदलीघाट सहित अन्य घाटों पर स्नान कर महिलाएं गंगा तट अथवा मंदिरों के पास स्थित पीपल वृक्ष के समक्ष धूप, दीपक, अगरबत्ती जलाकर पूजा कर कच्चे सूत के धागे से फेरे लगाए। इसी तरह से ग्रामीण क्षेत्रों में भी पीपल वृक्ष की पूजा की गई। सोमवती अमावस्या पर नगर के बरियाघाट स्थित श्री पंचमुखरी महादेव मंदिर, तारकेश्वर महादेव, सत्ती रोड स्थित बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर में काफी भीड़ रही। छानबे क्षेत्र के अलावा पड़री, चुनार, चील्ह, मझवां, नरायनपुर क्षेत्र में भी महिलाओं ने गंगा में स्नान कर पीपल वृक्ष की पूजा की।